जयपुर। राजधानी जयपुर में बखौफ अपराधी पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बुधवार शाम प्रॉपर्टी कारोबारी पर तीन कारों में आए बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया, लाठी-डंडों से इतना मारा कि वह अधमरा हो गया। उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि बुधवार शाम करीब 5 बजे करधनी इलाके के रहने वाले प्रॉपर्टी कारोबारी विजेंद्र सिंह गुलाब (40) अपनी स्कॉर्पियो से घर की तरफ जा रहे थे। अचानक एक बोलेरो कैंपर व एक अन्य कार उनकी गाड़ी के सामने आकर रुकी। विजेंद्र ने जैसे ही गाड़ी पीछे की तरफ ली, हथियारबंद बदमाशों ने गाड़ी को टक्कर मारते हुए एक मकान की सीढ़ियों पर चढ़ा दी। उसके बाद कांच तोड़कर विजेंद्र पर हमला कर दिया।
विजेंद्र के छोटे भाई सत्येंद्र ने बताया कि मेरे भाई विजेंद्र का बुधवार शाम 5 बजे फोन आया था। वह बोले, तुरंत लाइफ लाइन डेंटल क्लिनिक के पास आ जाओ। मुझ पर फायरिंग हुई है। सरिये, चाकू, तलवार, हथौड़े से हमला किया है। मैं तुरंत मौके पर पहुंचा तो भाई लहूलुहान होकर सड़क पर पड़े हुए थे। खून बह रहा था। उनके सिर, हाथ, पैरों पर जगह-जगह चोटें आई हुई थीं। मैंने उन्हें तुरंत गाड़ी में बैठाया। भाई को मरुधर हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर बाद में उन्हें एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया था।
सत्येंद्र के मुताबिक भाई ने उन्हें बताया कि स्विप्ट कार और बोलेरो कैंपर में सवार होकर आए जितेंद्र हुलदानी, सागर सिंह, रविंद्र खानडी ने उस पर हमला किया। सत्येंद्र ने ही करधनी थाने में जितेंद्र हुलदानी, सागर सिंह, रविंद्र खानडी सहित अन्य लड़कों के खिलाफ नामजद हत्या का केस दर्ज कराया है। हमले का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि कुछ लोग लाठी, सरियों से कारोबारी पर हमला कर रहे हैं। वहीं कॉलोनी के कुछ लाेग खड़े होकर मारपीट देख रहे थे। इस बीच एक महिला चिल्लाई कि कोई पुलिस को फोन करो, उसे बचाओ, नहीं तो वे लोग मार देंगे, लेकिन न किसी ने फोन लगाया और न ही कोई बचाने की हिम्मत कर सका। वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। उसके आधार पर पुलिस द्वारा इलाके में कई जगहों पर बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार विजेंद्र सिंह का प्रॉपर्टी को लेकर कुछ लोगों के साथ विवाद चल रहा है। यह विवाद पुराना है। इसी वजह से हमला हुआ है।