कंझावला केस में लापरवाही बरतने वाले 11 पुलिसकर्मी सस्पेंड, आरोपियों पर चलेगा हत्या का मुकदमा


नई दिल्‍ली। दिल्ली के कंझावला मामले में लापरवाही बरतने पर 11 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। स्पेशल सीपी शालिनी सिंह ने अपनी जांच रिपोर्ट में इनको दोषी पाया था। इसमें 2 सब इंस्पेक्टर, 4 असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, 4 हेड कॉन्स्टेबल और 1 कॉन्स्टेबल है। इनमें से 6 पीसीआर की ड्यूटी में तैनात थे और 5 पिकेट पर तैनात थे। 
गृह मंत्रालय ने इन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के लिए कहा था। साथ ही एफआईआर में हत्या की धारा 302 भी जोड़ने के लिए कहा था। डीसीपी को भी कारण बताओ नोटिस देने के लिए कहा गया है। डीसीपी की लापरवाही पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने के लिए कहा है।

गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को मामले में जल्द से जल्द आरोप पत्र दायर करने का निर्देश दिया है। दिल्ली पुलिस को भी यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है कि जांच में कोई शिथिलता न हो और वे जांच की प्रगति के संबंध में गृह मंत्रालय को पाक्षिक रिपोर्ट सौंपें। इस संबंध में भी गहन जांच की जाएगी कि क्या बेहतर समन्वय के लिए पीसीआर वैन इकाइयों को जिला पुलिस के साथ जोड़ दिया जाए। पीसीआर वैन को कुछ साल पहले जिला पुलिस से अलग कर दिया गया था। गौरतलब है कि गत 31 दिसंबर को देर रात एक स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी थी और कार में फंस गयी युवती को आरोपी करीब 12 किलामीटर तक सड़कों पर घसीटते रहे जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में कार सवार पांच लोगों के साथ ही उनके कई साथियों को गिरफ्तार किया गया है।