पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के निधन के बाद केंद्र सरकार ने दो दिन का राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया


चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व सीएम और शिरोमणि अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। निधन के बाद केंद्र सरकार ने दो दिन का राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। प्रकाश सिंह का मंगलवार देर शाम मोहाली के एक अस्पताल में 95 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे लगातार विशेष चिकित्सकों का दल उनकी सेहत पर निगरानी बनाए हुए था।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रकाश सिंह बादल के निधन पर दुख व्यक्त किया और अपने शोक संदेश में कहा कि "वह भारतीय राजनीति की एक महान शख्सियत और एक उल्लेखनीय राजनेता थे, जिन्होंने हमारे देश के लिए बहुत योगदान दिया। उन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए अथक रूप से काम किया और महत्वपूर्ण समय में राज्य को सहारा दिया।"

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुर्मू ने कहा, प्रकाश सिंह बादल आजादी के बाद से सबसे बड़े राजनीतिक दिग्गजों में से एक थे।