मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्य दूत पॉल मर्फी ने की शिष्टाचार भेंट


जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्य दूत पॉल मर्फी ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों के बीच राजस्थान और ऑस्ट्रेलिया के बीच आपसी सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने के विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान निवेश, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन, खनन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि तथा कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के साथ-साथ आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के लिए राजस्थान में निवेश और साझेदारी की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

महावाणिज्य दूत पॉल मर्फी ने राजस्थान की औद्योगिक प्रगति और निवेश-अनुकूल नीतियों की सराहना करते हुए दोनों पक्षों के बीच व्यापार, शिक्षा, खनन, स्वच्छ ऊर्जा और तकनीकी सहयोग को और मजबूत बनाने में रुचि व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और राजस्थान के बीच आर्थिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

इस दौरान दोनों पक्षों ने भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने, निवेश के नए अवसरों की तलाश करने तथा आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने पर सहमति व्यक्त की। यह शिष्टाचार भेंट भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मजबूती देने और राजस्थान में वैश्विक निवेश एवं सहयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।