कांग्रेस की लंका ढहने वाली है : BJP MLA गोपाल शर्मा


कांग्रेस की लंका ढहने वाली है : गोपाल शर्मा

- सिविल लाइंस विधायक के नेतृत्व में प्रदेश का पहला कार्यकर्ता आभार कार्यक्रम संपन्न।
- बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर बढ़ाया मनोबल।


जयपुर। सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के जनपथ, श्याम नगर स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय "रामलला भवन" में रविवार को कार्यकर्ता आभार सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जयपुर शहर के लोकसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं को सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा की उपस्थिति में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी, संयोजक, क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्ष, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, वार्ड अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख सहित युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, एससी-एसटी मोर्चा, किसान मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।

सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि आज का दिन उत्साह और उल्लास से भरा हुआ है। मेरे सामने बैठे सभी कार्यकर्ता भारत माता की सेना के हरावल दस्ते के सदस्य हैं। इन्हीं कार्यकर्ताओं की ताकत पर यह संभव हुआ कि छह महीने पहले खुद को मुख्यमंत्री का दावेदार मानने वाला व्यक्ति आज मुंह छिपाने के लिए जगह तलाश रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं की शक्ति ने अहंकार, उन्माद, विलासिता में डूबे हुए व्यक्ति को राजनीति का मैदान छोड़ने की कगार पर पहुंचा दिया। मतदान वाले दिन जब हम बूथों का दौरा कर रहे थे तो ऐसा लग रहा था मानो रावण का साम्राज्य अंतिम सांसे ले रहा हो। कांग्रेस की लंका ढह रही है। कांग्रेस के लोग भगवान राम को नहीं मानते। वे रावण के पदचिह्नों पर चल रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे खुद कह रहे हैं कि उनका मुकाबला पांडवों से हो रहा है। जाहिर है कि वे अपनी पार्टी को कौरवों की सेना मानते हैं। इस धर्मयुद्ध में सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं की विजय सुनिश्चित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तीसरा कार्यकाल भारत को विश्वगुरु के रूप में स्थापित करेगा। सारे देश में खुशी की लहर हिलोरें ले रही है। विकसित भारत का संकल्प बहुत जल्द पूरा होने जा रहा है।

इससे पहले कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए पूर्व प्रदेश कार्यालय प्रभारी सोहनलाल तांबी ने कहा कि राजस्थान में कार्यकर्ता आभार सभा का पहला आयोजन सिविल लाइंस क्षेत्र में होना हमारे लिए गौरव की बात है। कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों की बदौलत ही भारतीय जनता पार्टी का विजय रथ निरंतर तेज गति से आगे बढ़ता जा रहा है। कार्यकर्ता का सम्मान हमारे लिए सर्वोपरि है। आज का कार्यक्रम इस बात का जीवंत प्रमाण है।

इनका हुआ सम्मान:
बूथ संख्या 113 पर सर्वाधिक (78.7) प्रतिशत मतदान के लिए बूथ अध्यक्ष शुभम सिंह, पोलिंग एजेंट अभि जंडेल, टेबल में पर्ची भरने वाले दीक्षित सैनी, नवीन डोई, वोट डलवाने वाले कार्यकर्ता टीनू जंडेल, अमन डोई, यश सैनी और बूथ पर अन्य व्यवस्था संभालने वाले सभी कार्यकर्ता सम्मानित किए गए।

बूथ संख्या 196 पर गत विधानसभा चुनाव के मुकाबले अधिक मतदान के लिए बूथ अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह तंवर, पोलिंग एजेंट मोहिल समाधियां, टेबल में पर्ची भरने वाले रिंकू भंगाड़िया, सौरभ नाहर, अशोक गुप्ता, जुगल किशोर डालमिया, वोट डलवाने वाले कार्यकर्ता गोपाल यादव, कालूराम यादव, उम्मेद नाहर, विकास मदान और बूथ पर अन्य व्यवस्था संभालने वाले सभी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

विधानसभा क्षेत्र की सबसे बुजुर्ग महिला कार्यकर्ता 80 वर्षीय लाली यादव को भी सम्मानित किया गया।