अलवर। जीएसटी सुधारों और दरों में कमी के लाभ आमजन को कैसे मिले और इसका प्रभावी क्रियान्वयन कैसे हो, क्या कदम उठाए जाएं, इसकी समीक्षा के लिए स्पेशल सेक्रेट्री और सेन्ट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेज एंड कस्टम्स के सदस्य शशांक प्रिय ने सीजीएसटी जयपुर जोन, राजस्थान के मुख्य आयुक्त अनुज गोगिया के साथ सीजीएसटी अलवर कमिश्नरेट के सूर्यनगर कार्यालय में जोन के काम काज की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने बेहतर काम काज की अपील की. उन्होंने हाल ही में जारी जीएसटी सुधारों और दरों में कमी के लाभ सभी तक पहुंचाने और सुधारों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिएं। अलवर सीजीएसटी आयुक्त सुमित यादव ने बताया कि मीटिंग में जयपुर, जोधपुर, अलवर एवं उदयपुर कमिश्नरेट के आयुक्त और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सीबीआईसी सदस्य शशांक प्रिय ने इस अवसर पर अलवर कमिश्नरेट में पौधारोपण भी किया।
_1761803391.jpeg)
शशांक प्रिय ने अलवर की शीर्ष ट्रेड और टैक्स प्रोफेशनल एसोसिएशन, अलवर चेंबर ऑफ़ कॉमर्स के सभागार में ‘पहल – एक कदम उन्नति की ओर’ कार्यक्रम के अंतर्गत सीधा संवाद कर ट्रेड और करदाताओं की समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि विभाग जीएसटी सुधारों के लिए निरंतर अग्रसर और प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अलवर चैंबर ऑफ कॉमर्स, मत्स्य खनिज उद्योग संघ, मत्स्य उद्योग संघ, अलवर ऑटो डीलर एसोसिएशन, होटल एवं रेस्तरां एसोसिएशन, कृषि उपज मंडी समिति, राजस्थान खाद्य व्यापारी संघ, अलवर जिला व्यापार महासंघ, संयुक्त व्यापार मंडल अलवर, फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन, टायर डीलर्स लघु उद्योग भारती, लघु उद्योग भारती (महिला विंग) इत्यादि के पदाधिकारी, टैफे मोटर्स एंड ट्रैक्टर्स लिमिटेड, अशोक लीलैंड, जैक्वार एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, बालकृष्ण इंडस्ट्रीज लिमिटेड, फेडरल मोगुल गोएत्जे (इंडिया) लिमिटेड, होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड, भोले बाबा मिल्क फूड इंडस्ट्रीज धौलपुर प्राइवेट लिमिटेड, जी एस फॉरव्हील्स सहित अनेक करदाताओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। ट्रेड और एसोसिएशन ने इन सभी अधिकारियों का अभिनन्दन किया और अलवर कमिश्नरेट के द्वारा करदाताओं की समस्या निराकरण और इस सम्बन्ध में संवेदनशील कदम उठाने की सराहना भी की। कार्यक्रम का संचालन सहायक आयुक्त सान्या सिंहानिया ने किया।