जम्मू-कश्मीर. पुलवामा को एक बार फिर दहलाने की आतंकी साजिश नाकाम हो गई है. एक वाहन से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में IED बरामद कर उसे समय रहते उड़ा दिया. हालांकि कार में मौजूद आतंकी अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया.
बुधवार देर रात इस संबंध में इंटेलीजेंस को इनपुट मिला था कि कुछ आतंकवादी एक विस्फोटक से लदी कार के जरिए कुछ लोकेशन पर धमाके कर सकते हैं, और यह पुलवामा जैसा ही बड़ा आतंकी हमला हो सकता है. जिसके बाद तुरंत सुरक्षाबलों ने इलाके को सील पर मोर्चा संभाला तो उन्हें एक संदिग्ध कार नजर आई, पर इस दौरान सुरक्षाबलों को देख कार में मौजूद आतंकी कार छोडकर फरार हो गया. कुछ ही पलों में सुरक्षाबलों ने वाहन के पास जाकर देखा तो पिछली सीट पर विस्फोटक के ड्रम रखे थे.
जानकारी मिली थी कि इसी वाहन से आतंकी हमले को अंजाम दिया जाना था जिसके बाद सतर्कता बरतते हुए गुरुवार सुबह विस्फोटक से लदी कार का उडा दिया गया.
इससे पहले कार को पकड़ने के बाद रातभर भारी संख्या में सुरक्षाबलों ने रात भर वाहन की निगरानी की. कार को उडाने से पहले आसपास के मकानों को खाली करा लिया गया.
यह विस्फोटक कितना घातक था इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिस वक्त वाहन को धमाका कर उड़ाया गया उस दौरान इस ब्लास्ट की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और कुछ मकानों को भी नुकसान हुआ है. कई पेड़ों के दूर तक परखच्चे उड गए, जिस कार में IED था उस कार का नामोनिशान तक मिट गया. बडी बात यह है कि वाहन पर स्कूटर की नंबर प्लेट लगी थी, जिसका रजिस्ट्रेशन कठुआ का मिला है.
फिलहाल सुरक्षाबल कार मालिक और स्कूटर जिसकी नम्बर प्लैट लगी थी दोनों के मालिकों को तलाश कर पूछताछ में लगे हैं. फरार आतंकी को घेरकर तलाश जा रहा है.
गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को सीआरपीएफ के काफिले पर विस्फोटकों से भरी गाड़ी के जरिए आतंकी हमला किया गया था. पुलवामा में हुए इस हमले में देश के 40 जवान शहीद हो गए थे. जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने आईईडी से भरी कार को सेना के काफिले से भिड़ा दिया था. जिसके बाद आतंकियों को सबक सिखाने के लिए भारतीय सेना ने बालाकोट जैसी बड़ी एयर स्ट्राइक की थी.