कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना के अन्तर्गत छात्राओं को स्कूटी वितरित


जयपुर। राजकीय महाविद्यालय, कंवर नगर, ब्रह्मपुरी में आज कालीबाई भील मेघावी छात्रा स्कूटी वितरण समारोह एवं प्रथम वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री डॉ. महेश जोशी रहे। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ सुमन भाटिया ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर औपचारिक स्वागत किया, तत्पश्चात् संकाय सदस्यों व छात्रसंघ पदाधिकारियों ने अन्य सम्मानित अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया। महाविद्यालय की छात्राओं ने मुख्य अतिथि का तिलक लगाकर स्वागत किया। डॉ. जोशी ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।

डॉ. जोशी ने अपने उद्बोधन में छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री की फ्लैगशिप योजना यथा मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना तथा उड़ान योजना पर प्रकाश डालते हुये उन्हें प्रेरणादायी बताया तथा इन योजनाओं को अपने घर परिवार व आस पड़ोस में प्रसारित करने का आहवान किया, जिससे अधिक से अधिक जनता इससे लाभान्वित हो सके। इसके पश्चात् डॉ. महेश जोशी ने राज्य सरकार की कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना के अन्तर्गत 3 लाभार्थी छात्राओं सरिता मीणा, दिव्यांशी मीणा तथा दीपिका महावर को स्कूटी वितरित की। वार्षिक पुरस्कार वितरण के प्रारम्भ में मुख्य अतिथि ने सर्वप्रथम बीए भाग तृतीय के सर्वश्रेष्ठ छात्र तथा सर्वश्रेष्ठ छात्रा को ट्रॉफी तथा सर्टिफिकेट प्रदान किये। कार्यक्रम में पुरस्कृत विद्यार्थियों को अकादमिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक इत्यादि विविध श्रेणियों में ट्रॉफी तथा प्रमाण-पत्र प्रदान किये गये। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ सुमन भाटिया ने अपने उद्बोधन में अतिथियों का स्वागत करते हुये महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में स्थानीय क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। महाविद्यालय की नोडल प्राचार्य डॉ. वसुधा सक्सेना तथा सहायक निदेशक, आयुक्तालय डॉ पदमश्री पटनायक भी कार्यक्रम में उपस्थित रही। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने अत्यन्त उत्साह से इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक अशैक्षणिक सदस्यों ने कार्यकम में अपनी भूमिका का उत्तरदायित्वपूर्ण निर्वहन किया। कार्यक्रम का संचालन संगीता कुमारी ने तथा धन्यवाद ज्ञापन हो नीलम शर्मा ने किया। कार्यक्रम के पश्चात मुख्य अतिथि डॉ जोशी ने महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया तथा महाविद्यालय परिसर में सघन वृक्षारोपण कार्य का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई कार्यक्रम अधिकारी विवेक कुमार बुलेट एवं संकाय सदस्य डॉ पल्लव मित्थल, ललिता शर्मा, नीतू यादव, डॉ अजीत सिंह चौधरी, महेश मीणा तथा छुटट्टन लाल मीणा ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।