जयपुर। महावीर पब्लिक स्कूल, सी-स्कीम, तथा पोदार वर्ल्ड स्कूल, लालारपुरा, जयपुर में SPIC MACAY संस्था के तत्वावधान में “शहनाई वादन कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार तथा आदित्य विक्रम बिड़ला कलाकिरण पुरस्कार से सम्मानित, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शहनाई वादक पं. अश्विनी शंकर ने अपनी शहनाई के मधुर सुरों से सम्पूर्ण वातावरण को सुरमय बना दिया। उनके साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विख्यात तबला-वादक श्री शंभू नाथ भट्टाचार्जी ने मनोहारी तबला-संगत प्रस्तुत की।
_1765128116.jpeg)
कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय की प्राचार्या द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात् अध्यक्ष महोदय द्वारा शहनाई वादक पं. अश्विनी शंकर एवं तबला-वादक श्री शंभू नाथ भट्टाचार्जी का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा प्राचार्या महोदया द्वारा पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
पं. अश्विनी शंकर ने कार्यक्रम की शुरुआत प्रख्यात संगीतज्ञ पं. रविशंकर द्वारा रचित प्रार्थना “प्रभु जी मन में आन बसो” से की। उन्होंने छात्रों को शहनाई के उद्गम, ऐतिहासिक महत्त्व और इसके विभिन्न भागों की रोचक जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि शहनाई फूँक से बजने वाले वाद्यों की “सरताज” मानी जाती है और शुभ अवसरों की शोभा बढ़ाती है।
इसके पश्चात् उन्होंने राग वसंत पंचम, रघुपति राघव राजा राम तथा अन्य रागों और भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे विद्यालय परिसर में शांति, सौम्यता और भारतीय संगीत की गरिमा का अद्भुत वातावरण निर्मित हो गया।