जानें कौन थे मशहूर अभिनेता विक्रम गोखले, जिनका निधन हो गया


पुणे। सिनेमा और टीवी कलाकार विक्रम गोखले (77) का शनिवार को निधन हो गया। स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के बाद उन्हें पुणे के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया था। वे बीते कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। डॉक्टरों के मुताबिक उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। वे वेंटिलेटर पर थे। उनका अंतिम संस्कार शनिवार शाम पुणे में किया जाएगा। विक्रम गोखले ने 'भूल भुलैया' और 'हम दिल दे चुके सनम' जैसी सैकड़ों फिल्मों में अभिनय का जौहर दिखाया। अमिताभ बच्चन के साथ 'खुदा गवाह', 'अग्निपथ' और 'परवाना' जैसी फिल्मों में स्क्रीन शेयर की। वे हर किरदार को जीवंत कर देते थे। सिल्वर स्क्रीन ही नहीं उन्होंने 'घर आजा परदेसी', 'अल्पविराम', 'जाना ना दिल से दूर', 'संजीवनी' और 'इंद्रधनुष' सहित कई फेमस टेलीविजन प्रोग्राम में यादगार भूमिकाएं अदा कीं। उन्होंने रीज़नल सिनेमा के अलावा मराठी थिएटर में भी कई यादगार किरदार निभाए। वहीं साल 2010 में फिल्म 'आघात' के साथ निर्देशन की शुरुआत की। उन्हें मराठी फिल्म 'अनुमति' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की कैटेगिरी में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया था। उन्हें रंगमंच में अभिनय के लिए 2011 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।